सुसाइड से ठीक एक दिन पहले संचिता ने रील पर लिखा था “इट्स अगेन 14 जून”
नई दिल्ली : मशहूर टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ में नजर आ चुकीं 22 साल की युवा अभिनेत्री संचिता उगले के सुसाइड ने पूरी टीवी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। संचिता ने 14 जून को अपने घर पर आत्महत्या कर ली। हालांकि अभी तक सुसाइड की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन उनके भाई आकाश सतीश उगले ने इसका सीधा कनेक्शन दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जोड़कर सनसनी फैला दी है।
“इंडस्ट्री के दबाव ने ले ली जान”
बातचीत के दौरान संचिता के भाई आकाश ने रोते हुए अपनी बहन की मौत के पीछे ग्लैमर इंडस्ट्री के काले सच और दबाव का जिक्र किया। “सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून 2020 को आत्महत्या की थी। क्यों? क्योंकि बॉलीवुड यानी इस इंडस्ट्री ने उन पर बहुत दबाव डाला था और उसी दबाव की वजह से उन्होंने ऐसा किया। ठीक उसी तरह कल मेरी बहन ने भी उसी दबाव की वजह से अपनी जान दे दी, मैं बस यही कह रहा हूं।”
आखिरी इंस्टाग्राम रील खोल रही है राज
छह साल पहले हुई सुशांत की मौत और संचिता के कदम के बीच संबंध बताते हुए उनके भाई ने एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया। मौत से महज एक दिन पहले संचिता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक रील पोस्ट की थी। इस रील में लिखा था— ‘इट्स अगेन 14 जून’ (It’s again 14 June), जिसका सीधा मतलब था कि सुशांत की मौत की तारीख फिर से आ गई है। इस पोस्ट के अगले ही दिन संचिता ने सुसाइड कर लिया।
पीएम मोदी और सीएम फडणवीस से न्याय की गुहार
संचिता मुंबई के नालासोपारा इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि जिस वक्त उन्होंने यह कदम उठाया, वह घर में अकेली थीं। इस घटना से टूट चुके उनके भाई ने देश के शीर्ष नेतृत्व से दखल देने की मांग की है। आकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और इंडस्ट्री के दबाव तंत्र पर ध्यान देने की गुजारिश की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत की असली वजह तलाश रही है।





















