कार में सवार तीन अन्य दोस्त भी गंभीर रूप से घायल
इंदौर, संवाददाता : इंदौर-देवास रोड पर गुरुवार देर रात एक भीषण और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। इस हादसे में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्ते के भतीजे प्रभात सिंह (29) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि महज 10 सेकंड के फासले ने एक युवा जिंदगी को छीन लिया।
प्रभात अपनी कार से उतरकर जैसे ही दोबारा बैठने जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार में सवार उनके तीन अन्य दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
काल बनकर आई बस
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की शिनाख्त प्रभात उर्फ शुभम (उम्र 29 वर्ष), पिता प्रदीप सिंह, निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रभात, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्ते के भाई प्रदीप सिंह के बेटे थे। प्रभात अपने तीन दोस्तों के साथ कार से जा रहे थे। शिप्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदौर-देवास सर्विस रोड के किनारे उन्होंने अपनी कार रोकी थी। प्रभात गाड़ी से नीचे उतरे थे और महज कुछ देर बाद जैसे ही वे दोबारा कार के पास पहुंचे और बैठने वाले थे… ठीक उसी पल (महज 10 सेकंड के भीतर) पीछे से आ रही एक सफेद रंग की तेज रफ्तार बस ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कार को पीछे से उड़ा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। प्रभात बस और कार की चपेट में आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
दिल्ली रवाना किया गया पार्थिव शरीर
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से कार में फंसे घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया। मृतक के भाजपा परिवार से जुड़े होने की सूचना मिलते ही सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने प्रभात के शव को इंदौर के अरविंदो अस्पताल भिजवाया, जहाँ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को विमान द्वारा दिल्ली भेज दिया गया है। दिल्ली से शव को उनके पैतृक निवास बलिया (उत्तर प्रदेश) और फिर वाराणसी ले जाया जाएगा, जहाँ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
पुलिस की कार्रवाई:
एसडीओपी देवेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है। फरार ड्राइवर की तलाश के लिए घटना स्थल और सर्विस रोड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।























