टीम इंडिया ने अब तक एक बार भी नहीं जीती टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी
लंदन: महिला क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा टूर्नामेंट, आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026, आज यानी 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में शुरू होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है,
पहली बार दुनिया की 12 टीमें इस चमचमाती ट्रॉफी को उठाने के लिए पूरा दम लगाएंगी। 5 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे, और इसका ग्रैंड फिनाले क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा।
टूर्नामेंट के फॉर्मेट की बात करें तो सभी 12 टीमों को छह-छह के दो ग्रुपों में विभाजित किया गया है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए हर टीम को अपने ग्रुप में टॉप पर रहना होगा। ग्रुप ए में भारतीय टीम के साथ पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ ग्रुप बी में मेजबान इंग्लैंड के साथ न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड को जगह मिली है। हाल ही में 2025 का वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला टीम और कप्तान हरमनप्रीत कौर के हौसले इस समय सातवें आसमान पर हैं। हालांकि, टीम इंडिया ने अब तक एक बार भी टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी नहीं जीती है। वनडे में विश्व विजेता बनने के बाद अब भारतीय फैंस को पूरी उम्मीद है कि इस बार टीम इस सूखे को भी जरूर खत्म करेगी।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत पारंपरिक प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ करने जा रही है। यह हाई-वोल्टेज और ब्लॉकबस्टर मैच 14 जून को बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा। अगर इतिहास और आंकड़ों पर नजर डालें तो विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में हमेशा भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल आठ मुकाबले हुए हैं, जिसमें से छह बार टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ दो बार जीत नसीब हुई है।
पाकिस्तान के खिलाफ इस बड़े मुकाबले के बाद टीम इंडिया का सफर आगे बढ़ेगा, जहां अगले मैचों में उसका सामना नीदरलैंड्स और दक्षिण अफ्रीका से होगा। इसके बाद भारतीय टीम 28 जून को ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी और सबसे कड़ा मुकाबला मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ खेलेगी। अब देखना यह होगा कि क्या हरमनप्रीत कौर की सेना वनडे वर्ल्ड कप की तरह इंग्लैंड की धरती पर भी तिरंगा लहरा पाएगी या नहीं।




















