परिजनों में चीख-पुकार अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम
अमेठी, संवाददाता : के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोढ़ियांवा गांव में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ तड़के सुबह अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान हीरालाल (उम्र लगभग 70 से 75 वर्ष), पुत्र जगेस्वर दुबे के रूप में हुई है, जो कि लोढ़ियांवा गांव के रहने वाले थे। यह वारदात सोमवार सुबह करीब 5 बजे की है। बुजुर्ग रोजाना की तरह अपने घर से खेत की ओर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान हाईवे के किनारे स्थित शिव ढाबा के पास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया और गोली मार दी। गोली लगने के बाद बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस हत्या के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।






















