जमीन विवाद में सगे बेटे पर शक
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सकरावा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में रविवार रात घर के बाहर खाट पर सो रहे एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की जानकारी साझा की है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सुबह खून से लथपथ मिला शव
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्रीकृष्ण बाथम (75) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह जब उनके पोते रजनीश ने दादा का खून से लथपथ शव खाट पर पड़ा देखा, तो उसने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
शराब की लत बनी वजह
पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) सुरेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है रविवार शाम को मृतक के बेटे अशोक ने शराब के नशे में अपने पिता श्रीकृष्ण से जमकर झगड़ा किया था। उस वक्त ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। आरोपी बेटा अशोक अपने पिता से अलग रहता था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब चार बीघा कृषि भूमि का विवाद मुख्य कारण हो सकता है।
पोते की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार का बयान: “पोते रजनीश की शिकायत पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। आरोपी बेटा वारदात के बाद से ही फरार है। उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”





















