12,333 अभ्यर्थी हुए सफल, 4,543 पदों पर भर्ती के लिए 17 जून तक चलेगी प्रक्रिया
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती-2025 की चयन प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 15 जून से सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) शुरू होगा। यह प्रक्रिया 17 जून तक प्रदेश के सभी 75 जिलों की पुलिस लाइनों में आयोजित की जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 5 जून को अपनी वेबसाइट पर प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने चयनित अभ्यर्थियों से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर निर्धारित तिथि पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
12,333 अभ्यर्थियों ने पास की लिखित परीक्षा
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में कुल 12,333 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। इन अभ्यर्थियों में से 4,543 पदों पर अंतिम चयन किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफलता के बाद अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए थे, लेकिन अब उनकी अंतिम परीक्षा का समय आ गया है।
जरूरी दस्तावेज
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की मूल प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी है। भर्ती बोर्ड के अनुसार शारीरिक मानक परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 15 जून से शुरू होकर 17 जून तक चलेगी। इसके लिए प्रत्येक जिले में अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
जानिए शारीरिक मानक
यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद के लिए निर्धारित शारीरिक मानकों के अनुसार सामान्य, ओबीसी और एससी वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 169 सेंटीमीटर तथा महिला अभ्यर्थियों की 154 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर और महिला अभ्यर्थियों के लिए 147 सेंटीमीटर तय की गई है। इसके अलावा महिला अभ्यर्थियों का वजन कम से कम 40 किलोग्राम होना अनिवार्य है। भर्ती प्रक्रिया के इस अंतिम चरण के बाद सफल अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।




















