मंदिर दर्शन के लिए जा रहे पति-पत्नी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, चालक हिरासत में
कानपुर,संवाददाता : जाजमऊ क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोलंकी धर्मकांटा के पास उस समय हुआ, जब दंपती मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, अहिरवां क्षेत्र स्थित सीताराम नगर निवासी लक्ष्मीकांत शर्मा (62) अपनी पत्नी आशा देवी (60) के साथ स्कूटी से सिद्धनाथ मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। सुबह करीब 10:15 बजे सोलंकी धर्मकांटा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और दोनों को रौंद दिया।
हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।





















