हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के चलते नहीं खेल पाएंगे तीन मैचों की सीरीज
नई दिल्ली, संवाददाता : भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। यह श्रृंखला 13 जून से धर्मशाला में शुरू होगी।
बीसीसीआई के एक सूत्र के अनुसार, कोहली को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर रखा गया है। उनकी चोट की गंभीरता और वापसी की समयसीमा को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
अपनी बेहतरीन फिटनेस के लिए मशहूर 37 वर्षीय कोहली हाल ही में संपन्न आईपीएल में शानदार फॉर्म में नजर आए थे। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था। कोहली ने फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। कोहली की गैरमौजूदगी से भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज की चमक कुछ फीकी पड़ गई है। पूर्व भारतीय कप्तान अब केवल वनडे प्रारूप में खेलते हैं और दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति भारतीय टीम के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी बड़ा झटका मानी जा रही है।






















