ऊर्जा, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर दोनों देशों की सहमति
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात कर ऊर्जा, व्यापार और निवेश समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने और नए अवसरों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
पश्चिम एशिया में जारी संकट और कच्चे तेल की आपूर्ति पर उसके प्रभाव के बीच भारत अपने ऊर्जा आयात स्रोतों में विविधता लाने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसी संदर्भ में रोड्रिगेज की भारत यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा भारत-वेनेजुएला संबंधों को नई गति प्रदान करेगी और दोनों देशों के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित करेगी।
भारत कभी वेनेजुएला के भारी कच्चे तेल का प्रमुख आयातक रहा है और एक समय प्रतिदिन चार लाख बैरल से अधिक तेल खरीदता था। हालांकि अमेरिकी प्रतिबंधों और अनुपालन संबंधी चुनौतियों के चलते वर्ष 2020 के बाद यह आयात लगभग ठप हो गया था। प्रतिबंधों में आंशिक ढील मिलने के बाद भारत ने फिर से वेनेजुएला से कच्चे तेल का आयात शुरू किया है। हाल के सप्ताहों में भारतीय तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वेनेजुएला से तेल खरीद में उल्लेखनीय वृद्धि की है। रोड्रिगेज के साथ भारत आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में विदेश, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्रालयों के वरिष्ठ मंत्री भी शामिल हैं।























