छह से दस मंजिला भवन में ऑडिटोरियम, डिजिटल वॉर रूम और हेलीपैड जैसी आधुनिक सुविधाएं
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जल्द ही राजधानी में अपना नया और अत्याधुनिक प्रदेश कार्यालय बनाने जा रही है। इसके लिए पार्टी ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ई-नीलामी में जियामऊ क्षेत्र में स्थित एक भूखंड 45 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीद लिया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित प्रदेश कार्यालय 6 से 10 मंजिला आधुनिक भवन होगा, जिसमें लगभग 1000 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, डिजिटल वॉर रूम, अत्याधुनिक मीटिंग हॉल, कार्यालय कक्ष और बड़े आयोजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर हेलीपैड बनाने की भी तैयारी की जा रही है।
जुलाई में हो सकता है शिलान्यास
पार्टी सूत्रों के मुताबिक नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास जुलाई माह में किया जा सकता है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
डिजिटल सुविधाओं से लैस होगा कार्यालय
भाजपा नेताओं का कहना है कि नया प्रदेश कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तैयार किया जाएगा। इसमें डिजिटल वॉर रूम सहित आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पार्टी की संगठनात्मक और चुनावी रणनीतियों को मजबूती मिलेगी।























