छात्रा ने घरवालों को शिक्षक की हरकत के बारे में बताया, कोचिंग पहुंचकर आरोपित को किया पुलिस के हवाले
संवाददाता, लखनऊ: प्रयागराज जिले के नैनी स्थित दांडी क्षेत्र में एक शिक्षक ने कोचिंग छात्रा के साथ अश्लील हरकत की, जिसके बाद परिवारजन ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। कक्षा तीन में पढ़ने वाली दस साल की छात्रा ने अपने घरवालों को शिक्षक की हरकत के बारे में बताया। बच्ची ने रोते हुए कहा कि कोचिंग के टीचर ने उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया, बैड टच किया, जिसके बाद बच्ची वहां से किसी तरह अपने घर पहुंची। बच्ची ने बताया कि कोचिंग में कोई नहीं था, वह अपने भाई के साथ पहुंची हुई थी। भाई उसे छोड़कर वापस चला गया। बच्ची से आपबीती सुनकर घरवाले आपा खो बैठे और कोचिंग पहुंचकर शिक्षक की लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद शिक्षक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। इसदौरान शिक्षक माफी मांगता रहा और पुलिस को फोन न करने की गुहार लगाता रहा, लेकिन घरवालों ने उसकी एक न सुनी। घरवालों ने कहा आज हमारी बेटी के साथ गलत हरकत की है कल और किसी बेटी के साथ न होने पाए इसलिए आरोपित पर कार्रवाई होना जरूरी है।























