पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद के गुस्से में महिला ने खौफनाक कदम उठाया, आरोपी मां पुलिस हिरासत में
जालौन,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक सनसनीखेज और दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के आटा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक महिला ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की कथित रूप से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) ईशान सोनी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी मां विनीता को हिरासत में ले लिया गया है।
देर रात खुली पिता की आंख, तो सामने था खौफनाक मंजर
बच्ची के पिता राजकुमार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह खाना खाकर सो गए थे। देर रात जब गर्मी लगने के कारण अचानक उनकी आंख खुली, तो उनके होश उड़ गए। बिस्तर पर उनकी चार वर्षीय बेटी नैना अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी, जबकि पत्नी विनीता उसके पास ही खड़ी थी। रात में हुए इस हादसे के बाद, सुबह जैसे ही सगे-संबंधी और रिश्तेदार घर पहुंचे, उन्हें इस खौफनाक वारदात की जानकारी दी गई और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।
घरेलू कलह और गुस्से ने ली मासूम की जान
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला विनीता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। महिला ने बताया कि उसने गुस्से में आकर अपनी ही बेटी की हत्या की है। ग्रामीणों और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कलह और गुस्से के चलते महिला ने इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
























