“भाजपा के कुराज में बिजली की सिर्फ ‘माँग’ और ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई नहीं” — सपा अध्यक्ष
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश में जारी भीषण गर्मी के बीच चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर करारा हमला बोला है। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली के नए संयंत्र लगाना वर्तमान सरकार के वश की बात नहीं है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सरकार को घेरते हुए लिखा:
“बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में। मुँह से ये कह ही देते ‘3×660 सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर प्लांट’ तो गर्मी में झुलसते प्रदेशवासियों को सुनकर ही थोड़ी राहत मिल जाती।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश की खस्ताहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए आगे कहा, “भाजपा के कुराज में उप्र में बिजली की सिर्फ़ ‘माँग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं। भाजपा राज, यूपी ख़स्ताहाल।” सपा अध्यक्ष ने अपने इस संदेश के साथ #स्मार्ट_नगर, #लखनऊ, #राजधानी और #उत्तर_प्रदेश जैसे कीवर्ड्स भी जोड़े।
भीषण गर्मी में बिजली कटौती से जनता बेहाल
गौरतलब है कि इन दिनों पूरा उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों से अघोषित बिजली कटौती की गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीण इलाकों से लेकर राजधानी लखनऊ तक बिजली संकट गहराया हुआ है, जिसे लेकर विपक्ष लगातार योगी सरकार की घेराबंदी कर रहा है।
























