अभिभावकों को नामांकन हेतु किया प्रेरित

अमेठी, संवाददाता : प्राथमिक विद्यालय अग्रेसर में आयोजित परीक्षा फल वितरण कार्यक्रम बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बच्चों को अंक पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया, साथ ही अभिभावकों को शत-प्रतिशत नामांकन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ममता सिंह (प्रभारी प्रधानाध्यापिका, नरायनपुर) उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को अंक पत्र वितरित किए तथा विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान ममता सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें, जिससे शिक्षा का स्तर और बेहतर हो सके। वहीं ग्राम प्रधान अशोक कुमार गौतम ने विद्यालय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार पाठक ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय के सभी कक्षों में इनवर्टर की व्यवस्था की गई है तथा इस सत्र से प्रोजेक्टर के माध्यम से आधुनिक पद्धति से शिक्षण कार्य कराया जाएगा। इस पहल का श्रेय ममता सिंह एवं सहायक अध्यापक ऋषभ तिवारी को दिया गया। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों से अधिक से अधिक नामांकन कराने का अनुरोध किया गया। इस अवसर पर गांव के कई गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
























