पत्नी मानसी की मौत के बाद पति ने डॉक्टरों पर लगाया गंभीर लापरवाही का आरोप
सीतापुर, संवाददाता : सीतापुर जिले के सिधौली स्थित किंग अस्पताल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के मामले में पुलिस ने दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अटरिया निवासी विवेक शुक्ल ने अपनी पत्नी मानसी की मौत के लिए डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पति ने दर्ज कराई एफआईआर
शिकायतकर्ता विवेक शुक्ल के अनुसार, 28 मार्च 2026 की रात उनकी गर्भवती पत्नी मानसी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिधौली के किंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि आशा बहू अनिता रावत के कहने पर ही मरीज को उक्त अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. मंजू देवी ने गर्भपात कराया। इस दौरान अस्पताल इंचार्ज सत्यपाल मौर्य भी मौजूद थे।
भर्ती से किया इनकार
परिजनों के मुताबिक, दो दिन बाद महिला की तबीयत फिर खराब हो गई। जब उसे दोबारा अस्पताल लाया गया, तो अल्ट्रासाउंड के बाद डॉक्टरों ने भर्ती करने से मना कर दिया और अन्य जगह ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन मानसी को कस्बे के ही एक अन्य अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ी
लखनऊ के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया, लेकिन आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव और संक्रमण फैल गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इलाज के दौरान लगातार बिगड़ती हालत के बीच दो दिन बाद महिला की मौत हो गई, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया।
डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित विवेक शुक्ल ने सिधौली के किंग अस्पताल और संबंधित डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि इस घटना के एक दिन पहले ही उप जिलाधिकारी राखी वर्मा ने किंग अस्पताल को सील कर दिया था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।





















