करीब 176.77 लाख की लागत से विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं
पूराबाजार अयोध्या, संवाददाता : दशरथ समाधि स्थल के समीप स्थित भगवान शंकर जी के मंदिर परिसर में पर्यटन सुविधाओं के विकास कार्य के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के तहत लगभग 176.77 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। जल निगम को प्रथम किश्त के रूप में 25,000 रुपये अवमुक्त भी कर दिए गए हैं।
विधायक ने किया स्थल निरीक्षण
रविवार को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विकास कार्यों के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में श्री अयोध्या विकास परिषद के अंतर्गत पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए निर्धारित बजट से यह कार्य कराया जाएगा। इसके तहत यात्री निवास, स्तंभ, मुख्य प्रवेश द्वार, पेयजल व्यवस्था तथा यात्री सुविधा केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
धार्मिक महत्व के अनुरूप होगा विकास
उन्होंने कहा कि दशरथ समाधि स्थल रामायण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है, जहां राजा दशरथ की समाधि मानी जाती है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटन विकास को नई गति मिली है, और इसी क्रम में इस स्थल का भी व्यापक विकास किया जा रहा है।
परिसर को बनाया जाएगा आकर्षक
परियोजना के अंतर्गत भगवान शिव मंदिर परिसर में साइट डेवलपमेंट, म्यूरल वॉल, स्तंभ, भव्य प्रवेश द्वार, पेयजल व्यवस्था और यात्री निवास जैसी सुविधाएं विकसित कर इसे और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। इस दौरान जल निगम के जेई विजय मिश्रा, शिक्षक नेता विश्वनाथ सिंह, रमेश सिंह (प्रधान नारा), संतोष सिंह सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




















