मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा

सीतापुर, संवाददाता : सिधौली कस्बे में शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मिश्रिख मार्ग पर एक विशाल आम का पेड़ गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं।
मृतक की पहचान गांधी नगर उत्तरी निवासी सुनीता (45) पत्नी परमानंद के रूप में हुई है। वह अपनी पुत्री प्रियंका (18) और मोहल्ले की शशि सिंह (44) पत्नी राकेश सिंह के साथ चिंता हरण महादेव मंदिर से पूजा कर लौट रही थीं।
शाम करीब 7 बजे तेज आंधी-पानी शुरू होने पर तीनों महिलाएं बचाव के लिए सड़क किनारे एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान तेज हवाओं के कारण पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबने से सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में प्रियंका बाल-बाल बच गईं, जबकि शशि सिंह के हाथ में चोट आई। घटना के तुरंत बाद तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। सिधौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
























