अवैध तमंचा और बीयर की बोतल: इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था वीडियो
हल्द्वानी, संवाददाता : सोशल मीडिया पर ‘स्वैग’ दिखाने की कोशिश एक युवक के लिए तब मुसीबत बन गई, जब इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई उसकी एक रील पुलिस के पास पहुँच गई। टेबल पर बीयर की बोतल और बगल में तमंचा रखकर फोटो खिंचवाने वाला युवक अब रीयल लाइफ में जेल की सलाखों के पीछे है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी रील
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील साझा की थी। इस रील में वह अवैध हथियार (तमंचे) के साथ प्रदर्शन करता नजर आ रहा था। जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, पुलिस टीम ने आरोपी की धरपकड़ के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया।
लोडेड तमंचे के साथ गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को धान मिल तिराहे के पास से धर दबोचा। पकड़े जाने के समय भी युवक के पास से 315 बोर का लोडेड तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। “आरोपी की पहचान 19 वर्षीय अंश खत्री के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुरादाबाद (यूपी) का रहने वाला है और वर्तमान में हल्द्वानी के गौला गेट राजपुरा क्षेत्र में रह रहा था।” — विजय कुमार मेहता, कोतवाल
पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एसएसआई भूपेन्द्र सिंह मेहता, कांस्टेबल ललित नाथ और धीरेन्द्र अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी रील बनाने के बाद जजफार्म के पास एक सूनसान सड़क पर बैठा था, तभी उसे दबोच लिया गया।





















