मेधावी छात्रों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा समारोह; अभिभावकों से शिक्षा में सहयोग की अपील
अमेठी,संवाददाता : सोमवार को कम्पोजिट विद्यालय भादर प्रथम में वार्षिकोत्सव एवं परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र के तीन बच्चों का नामांकन कराते हुए अभिभावकों से स्कूल चलो अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। वार्षिकोत्सव के अवसर पर मीना मंच की सुगम कर्ता लालती देवी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
समारोह में कक्षा में उत्कृष्ट उपस्थिति और परीक्षाफल में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें स्टेशनरी पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल छात्रों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन नोडल संकुल शिक्षक देवांशु सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष रीता मौर्य, अवनीश वर्मा, विजय प्रताप, सन्ध्या गुप्ता, गणेश प्रसाद शर्मा, लालती देवी, शिवकरन गुप्ता, कौशलेंद्र सिंह, स्नेहा शुक्ल, प्रतिभा ओझा, भूपेंद्र शुक्ल, रिपु मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कोट: “शिक्षक को वेतन मिलने से उतनी खुशी कभी नहीं मिलती, जितनी खुशी शिष्य के प्रतियोगिता में सफल होने पर मिलती है। बच्चे ही शिक्षक की पूंजी हैं। नौनिहालों का भविष्य संवारने में अभिभावकों का बराबर सहयोग अपेक्षित है।”
— कपिलेश यादव, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, ब्लाक इकाई भादर
























