महाराष्ट्र के सांगली जिले में मानवता शर्मसार, पानी के लिए तड़पती रही बच्ची, पिता की हैवानियत ने ली जान
सांगली (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के सांगली जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों को चोरी के शक में अमानवीय सजा दे दी। इस क्रूरता के चलते एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
शक बना हैवानियत की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी दादू उर्फ नाना यमगर को शक था कि उसकी 10 वर्षीय बेटी ऋतुजा और 11 वर्षीय बेटी अनुजा ने एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराए हैं। इसी शक के आधार पर उसने दोनों बच्चियों को बेरहमी से प्रताड़ित किया।
उल्टा लटकाकर दी गई सजा
गुस्से में अंधे पिता ने दोनों बच्चियों के हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें घर की छत के नीचे लोहे के एंगल से उल्टा लटका दिया। यह यातना पूरी रात चलती रही, जिससे दोनों बच्चियों की हालत गंभीर हो गई।
पानी की गुहार भी रही बेअसर
बताया जा रहा है कि छोटी बेटी ऋतुजा रातभर प्यास से तड़पती रही और पानी की भीख मांगती रही, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा। परिवार के अन्य सदस्यों ने जब रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें हंसिया से हमला करने की धमकी देकर चुप करा दिया।
अस्पताल ले जाते समय मौत
सुबह जब बच्चियों को बेहोशी की हालत में नीचे उतारा गया, तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में ऋतुजा को पंढरपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बड़ी बहन अनुजा का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी पिता गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।






















