सम्राट अशोक के आदर्शों पर आधारित बताया गया मायावती का शासन

अमेठी, संवाददाता : बुधवार की शाम पटखापुर-कुशीताली में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ कमेटियों के पुनर्गठन के साथ-साथ सम्राट अशोक महान की जयंती भी मनाई गई और उनके जीवन दर्शन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा महासचिव श्याम कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं बहन मायावती ने बहुजन महापुरुषों के इतिहास को स्थापित करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मायावती का शासन सम्राट अशोक महान के आदर्शों के अनुरूप लोक कल्याणकारी रहा है, जिसकी चर्चा देश-विदेश में होती है।
सेक्टर अध्यक्ष जिया लाल बौद्ध ने सम्राट अशोक के लोक कल्याणकारी शासन और बौद्ध धम्म के विस्तार में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं, उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष त्रिभुवन दत्त ने कहा कि सम्राट अशोक ने बौद्ध धम्म को विश्व स्तर पर फैलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने आगे कहा कि सम्राट अशोक के बाद अनागरिक धम्म पाल और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने बौद्ध धम्म के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बैठक को कमलेश कुमार, राजेश अकेला, किसुन पाल, धर्मेंद्र प्रताप कोरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विमल कुमार, धर्मराज, त्रिलोकी नाथ, राम बहादुर, लालजी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























