एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में फिर गूंजेगा आईपीएल का रोमांच
लखनऊ, संवाददाता : विराट कोहली के जोश ने आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा दिया है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 28 मार्च को अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ओपनिंग मैच खेलेगी। मुकाबले से पहले शेयर किए गए एक वीडियो में कोहली ने साफ कहा कि हर बार इस जर्सी को पहनते ही वह खुद को पूरी तरह झोंक देते हैं और एक और खास रन चेज के लिए तैयार हैं।
पिछले सीजन में रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने इतिहास रचते हुए पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। फाइनल में पंजाब किंग्स के खिलाफ 191 रनों का सफल बचाव किया गया था, जिसमें कोहली की 43 रनों की अहम पारी ने जीत की नींव रखी थी। अब टीम का लक्ष्य साफ है—खिताब बचाना और एक नई विरासत बनाना। कोहली और आरसीबी का रिश्ता सिर्फ खिलाड़ी और फ्रेंचाइज़ी का नहीं, बल्कि पहचान का बन चुका है। कोहली ने अब तक 267 मैचों में 8661 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 39.54 और स्ट्राइक रेट 132.85 रहा है। 2016 का सीजन उनका सर्वश्रेष्ठ रहा, जब उन्होंने 16 मैचों में 973 रन बनाए थे।
इस सीजन में आरसीबी को शुरुआत में ही कड़ी चुनौतियों का सामना करना होगा। हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच के बाद 5 अप्रैल को बेंगलुरु में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ंत होगी। इसके बाद 10 अप्रैल को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और 12 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से मुकाबला होगा। फैन्स के लिए राहत की बात यह है कि कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु में आईपीएल मैचों के आयोजन को मंजूरी दे दी है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अनुसार सभी सुरक्षा और तैयारी मानकों को पूरा कर लिया गया है, जिससे एक बार फिर चिन्नास्वामी स्टेडियम में जबरदस्त माहौल देखने को मिलेगा।
























