फैसले से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा, पत्नी निशा तिवारी को पुलिस सुरक्षा
सुलतानपुर, संवाददाता : चिकित्सक डॉ. घनश्याम तिवारी हत्याकांड के चर्चित मामले में आज अदालत अपना अहम फैसला सुनाएगी। इस फैसले को लेकर पूरे जिले की नजरें कोर्ट पर टिकी हुई हैं। अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय के अनुसार, एडीजे प्रथम संध्या चौधरी ने फैसला सुनाने के लिए बुधवार की तिथि निर्धारित की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक चिकित्सक की पत्नी निशा तिवारी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनकी सुरक्षा में तीन पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि लंभुआ के सखोली कला गांव निवासी डॉ. घनश्याम तिवारी जयसिंहपुर सीएचसी में संविदा चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे। 23 सितंबर 2023 को कोतवाली नगर क्षेत्र के नरायनपुर गांव में उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अजय नारायण सिंह, जगदीश नारायण सिंह, विजय नारायण सिंह और ड्राइवर दीपक सिंह के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि, सुनवाई के दौरान दो आरोपियों—विजय नारायण सिंह और जगदीश नारायण सिंह—की मृत्यु हो चुकी है। अब अदालत का फैसला तय करेगा कि इस बहुचर्चित हत्याकांड में दोषियों को क्या सजा मिलती है।
























