रुपये-जेवर लूट कर बदमाश फरार, पुलिस जांच में जुटी
श्रावस्ती : हरदत्त नगर गिरन्ट क्षेत्र की ग्राम पंचायत उल्लाहवा के भजोरे पुरवा गांव में रविवार की रात भयावह वारदात हुई। घर में घुसे बदमाशों ने गृहस्वामी की हत्या कर दी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपी नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने घटना स्थल का जायजा लिया।

यह था मामला
भजोरे पुरवा निवासी नेमराज पाठक, उनका बेटा सुनील और बहू लक्ष्मी रात को सो रहे थे। नेमराज पाठक बरामदे में और बेटे व बहू बगल के कमरे में थे। रात लगभग डेढ़ बजे बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे। उन्होंने बरामदे में सो रहे नेमराज पाठक का मुंह दबा दिया। घुटन भरी आवाज सुनकर बेटे सुनील बाहर निकले, तो बदमाशों ने उसके सिर पर चाकू से वार किया और उसे बंधक बनाकर दूसरे कमरे में बंद कर दिया। बहू लक्ष्मी डर के मारे बिस्तर के नीचे छिप गई। बदमाशों के जाने के बाद बहू ने देखा कि उनके ससुर बिस्तर पर मृत पड़े हैं। हाथ पीछे से बंधा हुआ था और पेट की बाईं ओर कई वार किए गए थे। बदमाश घर में रखे कुछ रुपये और जेवर ले गए। बहू ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
रात लगभग दो बजे हरदत्तनगर गिरन्ट थाने के प्रभारी निरीक्षक महिमा नाथ उपाध्याय पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। सुबह करीब छह बजे एसपी राहुल भाटी और सीओ सतीश चंद्र शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है और आरोपी बदमाशों की तलाश की जा रही है।























