रंग लाए व्यापारी नेता रवीन्द्र त्रिपाठी के प्रयास
सुलतानपुर,संवाददाता : भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री एवं धोपाप उन्नयन सेवा समिति के अध्यक्ष, वरिष्ठ व्यापारी नेता रवीन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से की गई मुलाकात का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पर्यटन विभाग ने ऐतिहासिक तीर्थ क्षेत्र धोपाप धाम के समग्र विकास हेतु दो करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में रवीन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि जनपद सुलतानपुर की लंभुआ तहसील अंतर्गत स्थित धोपाप धाम एक प्राचीन और ऐतिहासिक तीर्थ स्थल है, जहाँ प्रतिवर्ष जेठ दशहरा के अवसर पर लाखों श्रद्धालु स्नान, हवन एवं पूजन हेतु आते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम ने लंका विजय के उपरांत इसी पावन स्थल पर स्नान एवं दीपदान किया था।

उन्होंने कहा कि वर्षों से उपेक्षित इस तीर्थ स्थल को अब पर्यटन विभाग की विकास सूची में शामिल कर लिया गया है। शीघ्र ही कार्यदाई संस्था सी एंड डीएस (C&DS) की तकनीकी टीम द्वारा स्थल का सर्वेक्षण किया जाएगा, जिसके बाद विकास कार्य प्रारंभ होंगे।
प्रस्तावित प्रमुख विकास कार्य
- तीर्थ स्थल तक सुगम एवं सुदृढ़ मार्ग का निर्माण
- पक्के स्नान घाटों का विकास
- पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था
- जर्जर भवनों का सौंदर्यीकरण
- जेठ दशहरा मेले हेतु पृथक बजट
- श्रद्धालुओं के लिए अतिथि गृह का निर्माण
इस अवसर पर रवीन्द्र त्रिपाठी ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि धोपाप धाम के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय व्यापार को नई गति प्राप्त होगी।























