पुरानी रंजिश में युवक ने चाकू से गोदकर की हत्या, वारदात के बाद खुद पुलिस को दी सूचना
बेलगावी : कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी मां के प्रेमी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया और उनके पहुंचने तक शव पर पैर रखकर खड़ा रहा।
दस साल पुरानी रंजिश का लिया बदला
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 51 वर्षीय बसप्पा होसमानी के रूप में हुई है, जो बासाडोनी गांव का निवासी था। आरोपी इरय्या मठपति ने पूछताछ में बताया कि करीब दस साल पहले बसप्पा उसकी मां को लेकर घर छोड़कर चला गया था। दोनों बाद में कोल्हापुर में बस गए थे। इस घटना से आरोपी के मन में गहरा आक्रोश और अपमान की भावना घर कर गई थी।
गांव लौटते ही बनाई हत्या की योजना
पुलिस का कहना है कि हाल ही में बसप्पा के गांव लौटने की सूचना मिलते ही आरोपी ने बदले की योजना बनानी शुरू कर दी और मौके की तलाश में था।
सरेआम चाकू से किए 16 वार
जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम आरोपी सावदत्ती के पास येल्लम्मा मंदिर जाने वाले रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठा था। जैसे ही बसप्पा मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, आरोपी ने उसे रोका, बाइक से धक्का देकर गिराया और फिर उस पर चाकू से करीब 16 बार वार किए। हमले की तीव्रता के कारण बसप्पा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को सड़क से गुजर रहे कई लोगों ने देखा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शव पर पैर रखकर खड़ा रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ। उसने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी और शव के पास खड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह मृतक के सीने पर पैर रखे खड़ा था, जिसे देखकर लोग सन्न रह गए।
हिरासत में आरोपी, जांच जारी
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी को बिना किसी विरोध के हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।























