संविधान से मिली स्वतंत्रता, समता, न्याय और बंधुता ही नए भारत की पहचान

लखनऊ,संवाददाता : देश आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। लोकतंत्र के इस महान पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि भारतीय संविधान ने देश को स्वतंत्रता, समता, न्याय और बंधुता का अमूल्य उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि संविधान का सम्मान करें और उसके मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें।

सीएम योगी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम जिस भारत का दर्शन कर रहे हैं, वह नया भारत है और ऐसे में हमें अपने कर्तव्यों को समझते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखनी होगी। मुख्यमंत्री ने संविधान के प्रति अपनी आस्था दोहराते हुए सभी देशवासियों से संविधान के आदर्शों और मूल्यों का पालन करने की अपील की।
























