विजय सिंह यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट तक निकाला गया जुलूस, डीएम को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ,संवाददाता : राजधानी लखनऊ मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के जोरदार विरोध-प्रदर्शन की गवाह बनी। खाद संकट से जूझते किसानों की समस्याओं को लेकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से लेकर डीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। इस आंदोलन का नेतृत्व वरिष्ठ नेता विजय सिंह यादव ने किया।
प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे थे। तख्तियों पर लिखा था— “किसान रो रहा है, सरकार सो रही है”, “खाद दो, वरना जवाब लो”। प्रदर्शनकारियों ने किसानों की समस्याओं को गम्भीरता से उठाते हुए सरकार को चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें खाद की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने, वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनाने और किसानों को राहत देने की मांग की गई।
विजय सिंह यादव ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनकी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसानों की समस्या का निस्तारण शीघ्र नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन को स्थानीय जनता का समर्थन मिला और मीडिया ने भी इस आंदोलन को व्यापक रूप से कवरेज दी। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसानों की आवाज को बुलंद करने की गंभीर पहल है।