पति की गुहार पर एक्शन में सीएम मोहन यादव
उज्जैन,संवाददाता : ईरान और इज़राइल के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान द्वारा कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर मिसाइल हमले किए जाने की खबरों के बाद कतर की राजधानी दोहा में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी मनीषा भटनागर भी वहां फंसी हुई हैं, जो कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत हैं।
तीन वर्षों से कतर में कार्यरत हैं मनीषा
मनीषा बीते तीन वर्षों से दोहा में कार्यरत हैं। उनका परिवार उज्जैन के नानाखेड़ा स्थित अभिषेक नगर में रहता है। उनके पति रजत भटनागर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। सोमवार रात को मनीषा ने परिवार से आखिरी बार संपर्क किया और बताया कि आसपास मिसाइल हमलों की आवाजें आ रही हैं, जिससे वह बेहद घबराई हुई थीं।
फोन कॉल के बाद टूटा संपर्क, परिवार में बढ़ी चिंता
रजत भटनागर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पत्नी का कॉल आने के बाद न्यूज चैनलों पर देखा कि कतर के अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला हुआ है। जब उन्होंने दोबारा मनीषा को कॉल किया तो संपर्क नहीं हो पाया, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक नेता से संपर्क किया, जिनके माध्यम से मामला मुख्यमंत्री मोहन यादव तक पहुंचा।
सीएम मोहन यादव का त्वरित एक्शन
मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुरंत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और मनीषा की सकुशल वापसी के लिए मदद का अनुरोध किया। उन्होंने प्रदेश के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केंद्र सरकार के संपर्क में रहकर मनीषा की वापसी सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:
“उज्जैन निवासी रजत भटनागर की पत्नी मनीषा भटनागर वर्तमान में दोहा (कतर) में फंसी हैं। मैंने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से सहयोग का अनुरोध किया है। प्रदेश के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे केंद्र सरकार के संपर्क में रहकर मनीषा जी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करें।”
मंगलवार शाम को हुआ मनीषा से संपर्क
रजत भटनागर ने बताया कि मंगलवार शाम को मनीषा से फिर संपर्क हुआ और उन्होंने जानकारी दी कि स्थिति फिलहाल सामान्य है। वे जल्द ही भारत लौटने की तैयारी में हैं। उज्जैन प्रशासन की ओर से भी परिवार से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली गई है।