यह समझौता भारत के एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को देगा मजबूती
नई दिल्ली,संवाददाता : भारत की एयरोस्पेस ताकत को एक नई उड़ान मिली है। दसॉल्ट एविएशन और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है, जिसके तहत फ्रांसीसी लड़ाकू विमान राफेल की बॉडी अब भारत में बनाई जाएगी। फ्रांस की रक्षा कंपनी दसॉल्ट एविएशन ने टाटा ग्रुप के साथ चार प्रोडक्शन ट्रांसफर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता भारत के एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को न केवल मजबूती देगा, बल्कि देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे ले जाएगा।
भारत में बनेंगे ये राफेल पार्ट्स:
- जेट का फ्रंट फ्यूजलेज
- सेंट्रल फ्यूजलेज
- जेट का रियर सेक्शन
- संपूर्ण फ्यूजलेज असेंबली
यह उत्पादन टाटा ग्रुप की कंपनी TASL के माध्यम से किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, 2028 तक इस संयुक्त उत्पादन प्लांट से राफेल का पहला फ्यूजलेज बाहर आ जाएगा। और जब फैक्ट्री पूरी तरह से कार्यरत हो जाएगी, तब हर महीने दो फ्यूजलेज तैयार होंगे।
पहली बार फ्रांस के बाहर होगा राफेल फ्यूजलेज का निर्माण
दसॉल्ट एविएशन के चेयरमैन और CEO एरिक ट्रैपियर ने इस साझेदारी को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा:
“यह पहली बार है जब राफेल जेट के इतने महत्वपूर्ण हिस्सों का निर्माण फ्रांस के बाहर किया जाएगा। यह भारत में हमारी सप्लाई चेन को मजबूत करने की दिशा में निर्णायक कदम है।”
उन्होंने टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स को इस सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
मेक इन इंडिया और रक्षा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बल
TASL के CEO सुकरन सिंह ने कहा,
“यह डील भारत के एयरोस्पेस निर्माण के क्षेत्र में क्षमताओं और आत्मनिर्भरता को दर्शाता है। यह हमारे और दसॉल्ट एविएशन के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।”
यह समझौता भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और रक्षा आत्मनिर्भरता की नीति को मजबूती देने वाला एक बड़ा कदम है।
भारत-फ्रांस रक्षा साझेदारी और मजबूत
भारत और फ्रांस पहले ही भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल मरीन फाइटर जेट्स की खरीद पर अंतर-सरकारी समझौता कर चुके हैं। ये विमान 2030 तक भारत को सौंपे जाएंगे।\ फ्रांसीसी कंपनी दसॉल्ट द्वारा निर्मित राफेल मरीन जेट्स समुद्री अभियानों के लिए तैयार किए गए हैं। इससे पहले भारतीय वायुसेना के बेड़े में भी 36 राफेल जेट शामिल हो चुके हैं, जिनकी तैनाती अंबाला (हरियाणा) और हाशिमारा (पश्चिम बंगाल) में है।