पीड़ितों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा
मुंबई,संवाददाता : मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा की ओर जा रही एक नाव अरब सागर में करंजा के उरण में पलट गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दस नागरिक और तीन भारतीय नौसेना के जवान शामिल हैं। हादसा दोपहर बाद करीब 3:55 बजे हुआ, जब ‘नीलकमल’ नाम की नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना के बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 101 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें नौसेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बचाव कार्यों में नौसेना, तटरक्षक बल, पुलिस और स्थानीय मछुआरों की मदद ली जा रही है, जिसमें 11 क्राफ्ट और चार हेलीकॉप्टर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ितों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वह घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने भी इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस हादसे से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि घटना की जांच पुलिस और नौसेना द्वारा की जाएगी। शोक संतप्त परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।