चाईबासा के टुंगरी मोहल्ले में सड़क किनारे खड़ी कार बनी काल
झारखंड, संवाददाता : झारखंड के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी मोहल्ले में आज एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। ग्रीन फ्लैट के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार में धूप से बचने के लिए घुसे दो मासूम बच्चे अंदर ही कैद हो गए। कार के भीतर ऑक्सीजन की कमी होने और दम घुटने के कारण एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक बच्ची की पहचान 5 वर्षीय इशानी गोप और उसके भाई 7 वर्षीय अंकित गोप के रूप में हुई है। दोनों बच्चे एसपीजी मिशन कंपाउंड के रहने वाले थे और रोज की तरह टुंगरी स्थित अपने स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। आज अचानक तेज धूप और गर्मी होने के कारण दोनों बच्चों ने छांव की तलाश की और सड़क किनारे खड़ी एक बंद कार के अंदर जाकर बैठ गए।
भाई ने भागकर दी जानकारी
कार के सारे शीशे बंद होने के कारण कुछ ही देर में गाड़ी के अंदर का तापमान बेहद बढ़ गया और ऑक्सीजन की कमी होने लगी। दम घुटने की स्थिति में 7 वर्षीय अंकित गोप तो किसी तरह मशक्कत कर कार से बाहर निकलने में कामयाब हो गया, लेकिन 5 साल की छोटी ईशानी कार के अंदर ही फंस गई और तड़पते-तड़पते बेहोश हो गई। अंकित ने तुरंत भागकर घर पहुंचकर परिजनों को इस बात की जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
घटना की भनक लगते ही बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में मासूम बच्ची को बंद गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर दौड़े। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और ऑक्सीजन न मिलने के कारण बच्ची का दम घुट गया था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस भयंकर हादसे के बाद से मृतका के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सदर थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार किसकी थी और क्या वह अनलॉक स्थिति में सड़क किनारे खड़ी थी।























