एमकॉम पास निकला गिरोह का मास्टरमाइंड
वाराणसी, संवाददाता : उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस को अपराधियों और अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। चोलापुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया के जरिए हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक के बाद एक कड़ियां जोड़ते हुए गिरोह के 7 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना अखिलेश उर्फ मोनू राजभर है। चौंकाने वाली बात यह है कि अखिलेश ने एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय से (एमकॉम) की पढ़ाई की है। शिक्षा पूरी करने के बाद उसने अपराध का रास्ता चुना और एक-एक कर युवाओं को अपने साथ जोड़कर इस अवैध नेटवर्क को खड़ा किया। अखिलेश के खिलाफ चोलापुर थाने में हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है।
सोशल मीडिया पर होता था हथियारों का ‘सौदा’
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि यह गिरोह हथियारों की डील के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करता था। आरोपी व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे।गिरोह बिहार से अवैध असलहे मंगवाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। तस्कर एक पिस्टल का सौदा करीब 60 हजार रुपये में किया करते थे।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अखिलेश, अरुण और हिमांशु पूर्व में किसी मामले में जेल में बंद थे। जेल के अंदर ही इनकी मुलाकात कुछ बड़े असलहा तस्करों से हुई। जेल से बाहर आने के बाद इन तीनों ने शॉर्टकट से मोटी कमाई करने के लिए बिहार से हथियार मंगाकर उसकी तस्करी शुरू कर दी। आरोपी हिमांशु उर्फ सनी के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से जाल बिछाकर इन सभी को दबोचा। इनके पास से निम्नलिखित अवैध हथियार बरामद हुए हैं: 32 बोर की एक रिवॉल्वर, 7.65 एमएम की एक पिस्टल, 9 एमएम की एक पिस्टल, 315 बोर का एक तमंचा, 14 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल
“गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए बिहार से हथियार लाकर बेचता था। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि बिहार में ये हथियार किससे खरीदते थे और आगे यूपी में किसे बेचे जाने थे। मामले की तफ्तीश जारी है और जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।”






















