घूर (कचरे के ढेर) में बोरी में छिपाकर रखी गई थी नकदी
रुदौली/अयोध्या, संवाददाता : राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से चढ़ावे की राशि गबन करने के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। रुदौली क्षेत्र के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से करीब 10 से 12 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। यह बरामदगी मंदिर के पूर्व कर्मी और मुख्य आरोपी लवकुश मिश्रा के घर से हुई है।
प्रमुख बिंदु
- आरोपी: लवकुश मिश्रा (उम्र 27 वर्ष), राम मंदिर का पूर्व कर्मी।
- बरामदगी: 10 से 12 लाख रुपये नकद (ग्रामीणों के अनुसार, कुछ रुपये घूर में बोरी में छिपाकर रखे गए थे)।
- कार्रवाई में शामिल: चंपत राय (महासचिव, राम मंदिर ट्रस्ट) और स्थानीय पुलिस प्रशासन।
कार मिस्त्री से अचानक बन गया ‘अमीर’
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी लवकुश मिश्रा पहले एक साधारण कार मिस्त्री का काम करता था। करीब एक साल पहले उसे मंदिर ट्रस्ट में नौकरी मिली थी, जिसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति रहस्यमयी ढंग से तेजी से बदली। गांव आने पर वह पानी की तरह पैसे बहाता था। चर्चा है कि एक बार उसने शराब के ठेके पर ही 50 हजार रुपये उड़ा दिए थे। लवकुश के बाबा जगदम्बा मिश्रा भी अक्सर ग्रामीणों से कहते थे कि, “मेरा नाती मंदिर में बहुत पैसा कमा रहा है, जिसे भी दर्शन करने हों, वह करवा देगा।” गांव में दबी जुबान से यह भी चर्चा है कि लवकुश ने गबन की गई रकम का एक बड़ा हिस्सा गांव के एक घूर (कचरे के ढेर) में छिपाकर रखा था, जहां से पुलिस ने रुपयों से भरी एक बोरी बरामद की है।
हमारा बेटे से कोई संबंध नहीं’ :पिता
आरोपी लवकुश के पिता बच्चूलाल ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। उनका कहना है: “हम गाजियाबाद में रह रहे थे, इसलिए हमें घर में रखे इस धन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। ट्रस्ट के लोग आए और ताला तोड़कर नकदी अपने साथ ले गए।” फैजाबाद में बन रहे आलीशान मकान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा, “इस मकान से मेरे लड़के का कोई लेना-देना नहीं है। मैंने अपना 10-12 बीघा खेत गिरवी रखकर इस मकान का निर्माण शुरू कराया था।” पिता के मुताबिक, लवकुश पिछले 5-6 महीने से मंदिर में काम कर रहा था और उसे उनके समधी रवि मिश्रा ने वहां काम पर लगवाया था।
पुलिस ने बरामद की गई रकम को सीज कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, मंदिर के रिकॉर्ड्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी लवकुश मिश्रा से पुलिस और ट्रस्ट के अधिकारी कड़ी पूछताछ कर रहे हैं ताकि गबन के इस बड़े नेटवर्क का पूरी तरह पर्दाफाश हो सके।





















