जन्मदिन की पार्टी में डांस करने को लेकर बाउंसरों से हुआ था विवाद
गोसाईगंज/लखनऊ, संवाददाता : राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में स्थित ‘जन्नत बार एंड रेस्टोरेंट’ के बाहर हवाई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। शुक्रवार/शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:26 बजे मिलेनियम सिटी के निकट यह वारदात हुई।
कंसोल पर डांस से रोका
पुलिस के मुताबिक, सौरभ सिंह चौहान (निवासी सुशांडी, मोहनलालगंज) अपने साथियों सुधांशु यादव, अमन यादव (दोनों निवासी काशिमखेड़ा, बिजनौर) और विनायक यादव (निवासी मीरानपुर पिनवट, सरोजनीनगर) के साथ दो कारों से जन्मदिन की पार्टी मनाने बार पहुंचा था। बार में कंसोल पर चढ़कर डांस करने का प्रयास करने पर बाउंसरों ने उन्हें रोका। इसे लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर बाउंसरों ने उन्हें बार से बाहर जाने को कहा।
स्कॉर्पियो से असलहा निकालकर दागी गोली
बाहर निकलते ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी सौरभ सिंह चौहान ने अपनी काली स्कॉर्पियो कार से असलहा निकाला और सरेराह हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद वह मौके से फरार हो गया। आसपास गश्त पर तैनात पॉलीगान कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की और मौके से सौरभ के तीन साथियों को हिरासत में ले लिया। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि धक्का-मुक्की में कुछ बाउंसरों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। मुख्य आरोपी सौरभ सिंह चौहान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हिरासत में लिए गए तीनों साथियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।























