संपत्ति विवाद को लेकर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
माल (लखनऊ) संवाददाता : लखनऊ के माल क्षेत्र में गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब सड़क हादसे में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने माल-इटौंजा मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, अकबरपुर निवासी सुनीता (38) बख्शी का तालाब क्षेत्र के रूदही गांव में अपने रिश्तेदार से मिलने गई थीं। इसी दौरान रूदही स्थित बीएनसीटी कॉलेज के सामने तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सुनीता को राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान पांचवें दिन उनकी मौत हो गई।
मृतका के भाई चंद्रपाल के अनुसार, सुनीता की शादी करीब 20 वर्ष पहले गोपालपुर निवासी राजकुमार से हुई थी। लगभग चार वर्ष पूर्व उनके पति लापता हो गए थे और अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों का आरोप है कि मृतका के ससुर ने अपनी संपत्ति बड़े बेटे के नाम दान कर दी थी, जिसे लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी संबंध में बातचीत करने के लिए सुनीता रिश्तेदार के यहां जा रही थीं। पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही माल क्षेत्र के सैदापुर पहुंचा, परिजनों ने माल-इटौंजा मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि संपत्ति विवाद में मृतका के बेटे को भी हिस्सा दिलाया जाए तथा संबंधित पक्षों को मौके पर बुलाया जाए।
प्रदर्शन के चलते मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही माल और बीकेटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया। पुलिस के मुताबिक, मृतका के भाई की तहरीर पर 1 जून को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं गुरुवार को मृतका के भाई ने माल थाने में ससुर पर अभद्रता और जेठ पर घटना की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए शिकायत भी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।























