विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
अमेठी, संवाददाता: नगर पालिका परिषद जायस में महिलाओं के अद्वितीय साहस, समर्पण और समाज में उनके बहुमूल्य योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद जायस की अध्यक्ष मनीषा सिंह, अधिशासी अधिकारी शैलेन्द्र कुमार मिश्र तथा डीपीएम सूर्य प्रताप की उपस्थिति में महिलाओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति समाज की प्रगति और विकास की आधारशिला है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता के बल पर समाज को नई दिशा दे रही हैं।

अध्यक्ष मनीषा सिंह ने कहा कि महिलाओं के साहस, समर्पण और संघर्ष की भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और समाज के विकास में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।
























