सुल्तानपुर के शुभांगी हॉस्पिटल का मामला, संचालक समेत चिकित्सकों पर गंभीर आरोप
सुल्तानपुर: शहर के शुभांगी हॉस्पिटल में हर्निया ऑपरेशन के दौरान कथित लापरवाही से मरीज की मौत के मामले में बड़ा कदम उठाया गया है। हॉस्पिटल संचालक डॉ. विद्या गौतम, उनके पति डॉ. राजेश गौतम सहित कुल चार डॉक्टरों के खिलाफ नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गोसाईगंज थाना क्षेत्र के महिलोआशापुर निवासी राजेश मिश्र 2 मार्च को हर्निया ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। अगले दिन 3 मार्च को ऑपरेशन के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन शव लेकर वापस शुभांगी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां आरोप है कि डॉ. राजेश गौतम ने मिलने से इनकार कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से की।
सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. जे.सी. सरोज के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। साथ ही मृतक के पिता राम करन मिश्र ने जिलाधिकारी से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद सीएमओ के निर्देश पर नगर कोतवाली में अस्पताल संचालक समेत चार डॉक्टरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।























