व्यापारी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
रायबरेली, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर गुरुवार देर रात अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मार दी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर के पास घात लगाकर बैठे थे बदमाश
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी रमन सोनी की सर्राफा (सोने-चांदी) की दुकान है। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। व्यापारी के बैग में लाखों रुपये की कीमत के सोने और चांदी के आभूषण थे।
जैसे ही वह छजलापुर के पास अपने घर से महज 10 मीटर की दूरी पर पहुंचे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। व्यापारी द्वारा बाइक न रोकने पर बदमाशों ने सीधे उनके पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही रमन सोनी बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद बदमाश जेवरों से भरा बैग छीनकर तेजी से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। घायल व्यापारी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। “घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” — रवि कुमार, पुलिस अधीक्षक (SP), रायबरेली























