राम जन्मभूमि मंदिर को अपमानित करने वालों के बहकावे में कतई न आएं: सीएम
अयोध्या/लखनऊ,संवाददाता : अयोध्या के राम मंदिर में दान पात्र और वित्तीय प्रबंधन में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पहली बार अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी ने इस मामले को लेकर विपक्ष (सपा और कांग्रेस) पर तीखा हमला बोला और राम भक्तों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी ) सच्चाई सामने लाकर रहेगी।
मुख्यमंत्री ने भावुक अपील करते हुए कहा, “हमारे पूर्वजों ने प्रभु राम के स्थान को वापस पाने के लिए 500 वर्षों तक संघर्ष किया है, तो आप लोग 15 दिन और देख लो, चिंता मत करो। अयोध्या को बदनाम करने और राम जन्मभूमि मंदिर को अपमानित करने वालों के बहकावे में कतई न आएं।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी के पास कोई साक्ष्य है, तो वह अनर्गल टिप्पणी करने के बजाय उसे सीधे एसआईटी को सौंप दे।
इस दौरे के दौरान सबसे बड़ी प्रशासनिक हलचल तब देखने को मिली जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्र को मुख्यमंत्री के सीधे संपर्क और प्रोटोकॉल से दूर रखा गया। प्रशासन ने सुरक्षा और विवाद को देखते हुए चंपत राय को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल न होने और ट्रस्ट की तरफ से किसी अन्य प्रतिनिधि को भेजने का सुझाव दिया था।
एसआईटी द्वारा इन दोनों पदाधिकारियों के बयान दर्ज किए जाने के बाद माना जा रहा है कि टीम को कुछ पुख्ता सबूत मिले हैं। वर्तमान में चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी के रडार पर मुख्य रूप से ट्रस्ट के 5 कर्मचारी (लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, शिवम पांडेय, अभिषेक दूबे और रत्नेश दूबे) हैं। वहीं, मुख्य आरोपी माने जा रहे कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की पत्नी पूनम यादव ने सामने आकर अपने पति को निर्दोष बताते हुए इसे बदनाम करने की साजिश करार दिया है।
अयोध्या को मिली 368 विकास परियोजनाओं की सौगात
राजनीतिक बयानों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और रुदौली को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी: लगभग ₹291 करोड़ की लागत वाली 245 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया (जिसमें स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वर्किंग वुमन हॉस्टल और पंपिंग स्टेशन शामिल हैं)। यहाँ मुख्यमंत्री ने दर्शन-पूजन किया और 123 विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ ही वीरांगना झलकारी बाई की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम ने रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन किया और महंत श्री नृत्य गोपाल दास महाराज के जन्मोत्सव पर संतों का आशीर्वाद भी लिया।
कांग्रेस का पलटवार
दूसरी तरफ, अयोध्या पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन के बाद भाजपा और संघ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिलापूजन और जनसहयोग के नाम पर जुटाए गए ₹1400 करोड़ से अधिक की धनराशि का कोई पारदर्शी हिसाब नहीं है। अजय राय ने मांग की कि, “करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए एसआईटी अपनी जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक करे।” उन्होंने जांच अधिकारी की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।























