परिवार के 5 लोग हुए घायल
अमेठी, संवाददाता : अमेठी के कोतवाली क्षेत्र के दलशाहपुर सैदपुर गांव में एक भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार देर रात हुए इस खूनी संघर्ष में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान की मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से ही गांव में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला
बुधवार देर रात रामफली पाल के घर पर जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में रामफली पाल (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी बेरहमी से पीटा गया। उपद्रवियों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले जाया गया। रामफली पाल की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल से उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली भेजा गया। एम्स रायबरेली में उपचार के दौरान रामफली पाल ने दम तोड़ दिया। अनारा पाल (60), सुनील पाल (35), किरन पाल (32) और अनिकेत (10) सहित परिवार के अन्य सदस्यों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी (CO) मनोज कुमार मिश्रा भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर (शिकायत) पर कृष्ण कुमार सिंह, मंजू सिंह, शीतला सिंह, अतुल सिंह, शिरोमणि सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या और मारपीट की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। “मामले की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” — मनोज कुमार मिश्रा (क्षेत्राधिकारी, अमेठी)





















