सितारों, अंतरिक्ष और विज्ञान में थी गहरी रुचि
मुंबई, संवाददाता : बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को दुनिया से गए छह साल हो चुके हैं, लेकिन उनके चाहने वालों के दिलों में उनकी मौजूदगी आज भी उतनी ही मजबूत है। उनकी छठी पुण्यतिथि के मौके पर बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर एक बार फिर भाई की यादों को ताजा कर दिया है। श्वेता ने इस खास पोस्ट में अपने भाई के व्यक्तित्व, उनके विचारों और लोगों पर पड़े उनके प्रभाव को याद किया। उन्होंने कहा कि समय भले ही आगे बढ़ गया हो, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनकी यादें समय के साथ और भी बड़ी होती चली जाती हैं।
श्वेता ने बताया कि अब वह अपने भाई को उनकी मौत से नहीं, बल्कि उनके जीवन जीने के तरीके से याद करना पसंद करती हैं। उनके अनुसार सुशांत केवल एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि जिज्ञासा, ज्ञान और संवेदनशीलता का प्रतीक थे।
बचपन जैसी जिज्ञासा और इंसानियत की मिसाल
श्वेता ने अपने पोस्ट में लिखा कि सुशांत हमेशा जीवन के रहस्यों को जानने के लिए उत्सुक रहते थे। उन्हें सितारों, अंतरिक्ष, विज्ञान और मानव मस्तिष्क को समझने में गहरी रुचि थी, और यही वजह थी कि वह आम अभिनेताओं से काफी अलग नजर आते थे। उन्होंने कहा कि सुशांत हर व्यक्ति के साथ सम्मान से पेश आते थे। उनके लिए किसी का सामाजिक स्तर या पहचान मायने नहीं रखती थी। वे मानते थे कि सफलता तभी सार्थक है जब उसके साथ इंसानियत और दया भी हो। इस पोस्ट के साथ श्वेता ने एक एआई जनरेटेड तस्वीर भी साझा की है, जिसमें सुशांत को भगवान राम के रूप में दिखाया गया है। यह तस्वीर हाल ही में सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थी, जिसे देखकर प्रशंसक एक बार फिर भावुक हो गए।
आज भी लाखों युवाओं के प्रेरणा स्रोत
श्वेता ने कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन की असली सफलता उसकी उम्र से नहीं, बल्कि इससे तय होती है कि उसने कितने लोगों के जीवन को प्रभावित किया। उनके मुताबिक सुशांत आज भी लाखों युवाओं को सपने देखने, सीखने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जिज्ञासु बनें, दयालु रहें, सीखना कभी न छोड़ें और अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखें। उन्होंने कहा कि यही सुशांत के लिए सबसे बड़ी और सच्ची श्रद्धांजलि होगी। गौरतलब है कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत का निधन हो गया था, जिसकी खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आज भी उनके प्रशंसक उन्हें उतनी ही शिद्दत से याद करते हैं और उनकी फिल्मों के साथ-साथ उनके सकारात्मक विचारों को भी अपने जीवन में प्रेरणा का स्रोत मानते हैं।





















