लखनऊ के चिनहट सीएचसी में व्यवस्थाओं की हकीकत परखी, गंदगी और लापरवाही पर जताई नाराजगी

लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोमवार को औचक निरीक्षण के लिए लखनऊ के चिनहट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। उन्होंने मास्क लगाकर आम मरीज की तरह ओपीडी की लाइन में लगकर पर्ची कटवाई और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। करीब 54 मिनट तक अस्पताल में मौजूद स्टाफ और मरीज उन्हें पहचान नहीं सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैथोलॉजी और दवाई वितरण काउंटर पर भी लाइन में लगकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति देखी। अस्पताल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था देखकर डिप्टी सीएम नाराज हो गए और सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान काटने के निर्देश दिए।
बेड पर चादर न मिलने पर जताई नाराजगी
अस्पताल के जनरल वार्ड के निरीक्षण के दौरान कई बेड पर चादर नहीं बिछी मिली और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। इस पर डिप्टी सीएम ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं होंगी, तब तक जिम्मेदार अधिकारी घर नहीं जाएंगे।

पैथोलॉजी और एक्स-रे विभाग का किया निरीक्षण
इसके बाद वह पैथोलॉजी विभाग पहुंचे, जहां मरीजों की लंबी कतार लगी थी। उन्होंने टेक्नीशियन से एक मरीज का ब्लड सैंपल लेने में लगने वाले समय के बारे में जानकारी ली और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। एक्स-रे कक्ष के आसपास धूल-मिट्टी देखकर उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए और वहां रखी अलमारी खोलकर दवाओं व अन्य सामग्री के स्टॉक की भी जांच की।

पीने के पानी और शौचालय व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान पीने के पानी की व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली। आरओ के पास गंदगी और पाइप को जाली से बांधकर रखा गया था। इस पर डिप्टी सीएम ने सख्त नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के शौचालयों की स्थिति का भी जायजा लिया और साफ-सफाई के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
आशा कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं
अस्पताल के सभागार में उस समय आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण चल रहा था। आशाओं ने डिप्टी सीएम को बताया कि उनके मोबाइल फोन खराब हैं, जिससे काम में दिक्कत हो रही है। इस पर डिप्टी सीएम ने तुरंत सीएमओ डॉ. एनबी सिंह को फोन कर मोबाइल ठीक कराने या बदलने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का बकाया भुगतान जल्द कराने को भी कहा।
व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश
डिप्टी सीएम ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होने तक अधिकारी अस्पताल परिसर से नहीं जाएं। दवाओं के काउंटर पर लगी लंबी कतार को देखते हुए उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को निर्देश दिया कि मरीजों को पांच मिनट के भीतर दवा उपलब्ध कराई जाए।






















