ईद पर सड़क पर नमाज को लेकर बयान के बाद बढ़ा विवाद
हैदराबाद/लखनऊ, संवाददाता : सोशल मीडिया पर हैदराबाद के मुस्लिम उपदेशक सैय्यद अयूब का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर विवादित बयान दिया है और सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर चुनौती दी है।
वीडियो में सैय्यद अयूब ने कहा कि अगर मस्जिदों में जगह कम पड़ती है तो मुसलमान सड़क पर भी नमाज अदा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी की हिम्मत हो तो मुसलमानों को सड़क पर नमाज पढ़ने से रोककर दिखाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में हिम्मत है तो इस ईद पर मुसलमानों को सड़क पर नमाज पढ़ने से रोककर दिखाएं।
‘मस्जिद भर जाएगी तो सड़क पर पढ़ेंगे नमाज’
वायरल वीडियो में सैय्यद अयूब यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि यदि ईद के मौके पर मस्जिदों में जगह नहीं होगी तो लोग सड़क पर नमाज अदा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मुसलमान नमाज अदा करेंगे और किसी भी तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 15 मार्च को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था, जिसके बाद से यह तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






















