58 लाख की लागत से बना सरोवर, तालाब का जीर्णोद्धार कर पार्क के रूप में किया गया विकसित
सुल्तानपुर, संवाददाता : नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा वार्ड नरायनपुर स्थित सौरमऊ में उत्तर प्रदेश सरकार की “नगरीय झील, तालाब, पोखर संरक्षण योजना” के तहत पुराने तालाब का कायाकल्प कर नमो वन/सरोवर का निर्माण कराया गया। लगभग 58 लाख रुपये की लागत से बने इस सरोवर का रविवार को विधिवत पूजन के साथ लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सदस्य विधान परिषद व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी और एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह तालाब काफी पुराना था और जर्जर अवस्था में था। स्थानीय लोगों और सभासद अखिलेश मिश्रा की मांग पर नगर पालिका ने इसे योजना के तहत विकसित कराया। तालाब की खुदाई, सफाई, किनारों की पिचिंग, इंटरलॉकिंग पाथवे, हाईमास्ट लाइट, बैठने की बेंच और पौधरोपण कर इसे पार्क व उपवन के रूप में तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 100×100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने इस सरोवर का नामकरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरित होकर “नमो वन/सरोवर” रखा गया है।
मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक ने नगर पालिका द्वारा कराए गए इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि प्रयागराज–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित यह स्थल पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सभासद अखिलेश मिश्रा ने किया तथा मंच संचालन सभासद प्रवीण मिश्रा और दिनेश चौरसिया ने किया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. एम.पी. सिंह, डॉ. सीताशरण त्रिपाठी, सहित कई जनप्रतिनिधि, सभासद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
























