ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप
सुल्तानपुर, संवाददाता : दुबेपुर ब्लॉक के भाई गांव में शनिवार भोर एक दर्दनाक हादसा हो गया। आवारा सांड के हमले में किसान के बेटे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजाराम कनौजिया का बेटा धुमेश चने की फसल की रखवाली करने के लिए खेत गया था। इसी दौरान खेत में चना चर रहे एक आवारा सांड को भगाने की कोशिश की। सांड अचानक उग्र हो गया और धुमेश को दौड़ाकर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धम्मौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
























