मौके से 42 घरेलू और 5 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद कर किए गए जब्त
कादीपुर, संवाददाता : जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए उपजिलाधिकारी कादीपुर द्वारा शुक्रवार को छापेमार अभियान चलाया गया। इस दौरान एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र के कई स्थानों पर औचक निरीक्षण किया।
छापेमारी के दौरान कांशीराम आवास के पास स्थित लक्ष्मी निवास में खड़ी एक वाहन से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मौके पर वाहन चालक राजन कुमार को गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। प्रशासनिक टीम ने मौके से 42 घरेलू गैस सिलेंडर (14 किलोग्राम) और 5 कॉमर्शियल सिलेंडर (5 किलोग्राम) बरामद किए। कार्रवाई के दौरान एसडीएम कादीपुर, क्षेत्राधिकारी विनय गौतम, पूर्व निरीक्षक दोस्तपुर जितेंद्र सिंह तथा पूर्ति निरीक्षक कादीपुर की टीम मौजूद रही। बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया तथा आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उपजिलाधिकारी कादीपुर उत्तम तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलती है तो उसकी गोपनीय जानकारी प्रशासन को दें, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र की अन्य दुकानों की भी जांच की और दुकानदारों को गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी।
























