जांच में सामने आई पुलिस की लापरवाही
सुल्तानपुर, संवाददाता : कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह को पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने लाइन हाजिर कर दिया है। उन पर मारपीट के एक मामले में आरोपियों को थाने से छोड़ने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के वजू गांव में कुछ दिन पहले हुई मारपीट की घटना में एक महिला को गंभीर चोटें आई थीं। आरोप है कि मारपीट के चलते महिला का गर्भपात भी हो गया था। इस मामले में नामजद आरोपियों को पुलिस ने पकड़कर थाने लाया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
पीड़ित पक्ष के सलीम ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। शिकायत के बाद एसपी ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में सामने आया कि घटना के बाद कुछ लोगों को पकड़कर थाने लाया गया था, लेकिन देर रात उन्हें छोड़ दिया गया। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के मुकदमे की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को आनन-फानन में गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। दरोगा को लाइन हाजिर किए जाने की पुष्टि क्षेत्राधिकारी लंभुआ ने की है।






















