पोषण अभियान के तहत योगी सरकार का कदम, ग्रोथ मॉनिटरिंग होगी और अधिक सटीक
लखनऊ, संवाददाता : प्रदेश में बच्चों के स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार पोषण अभियान के तहत आंगनबाड़ी व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बना रही है। इसी क्रम में प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए एक लाख 33 हजार से अधिक स्टेडियोमीटर उपलब्ध कराए जाएंगे। इन उपकरणों की मदद से बच्चों की लंबाई का सटीक मापन कर उनके पोषण स्तर का सही आकलन किया जा सकेगा।
सरकार के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों पर ग्रोथ मॉनिटरिंग को वैज्ञानिक और सटीक बनाने के लिए आधुनिक उपकरणों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2021 और 2022 में भी प्रदेश में एक लाख 88 हजार से अधिक स्टेडियोमीटर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इन उपकरणों के माध्यम से दो वर्ष से अधिक आयु के बच्चों की ऊंचाई का सटीक आकलन किया जाता है, जिससे उनके शारीरिक विकास की नियमित निगरानी संभव हो पाती है। सरकार का मानना है कि बचपन में पोषण और स्वास्थ्य की सही देखभाल ही एक स्वस्थ और मजबूत समाज की नींव रखती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के लाखों बच्चों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए आंगनबाड़ी व्यवस्था को लगातार सशक्त किया जा रहा है।
कुपोषण के खिलाफ चल रही लड़ाई में तकनीक को भी महत्वपूर्ण साधन बनाया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आधुनिक ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस के जरिए बच्चों के विकास की नियमित निगरानी की जा रही है। इससे बच्चों की वृद्धि की सटीक जानकारी मिलती है और समय रहते पोषण संबंधी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं। इन उपकरणों के प्रभावी उपयोग के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। इसके बाद उनके माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को भी प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और विकास का आकलन वैज्ञानिक तरीके से किया जा सके।
























