जल जीवन मिशन के तहत 186.3 लाख की लागत से बनी टंकी व नलकूप

अमेठी, संवाददाता: भादर विकासखंड के सिंगठी गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नवनिर्मित पाइप पेयजल योजना का मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। योजना के शुरू होने से गांव के 120 परिवारों के करीब 1200 लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।उद्घाटन से पहले गांव के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली, जिसमें महिलाओं ने कलश में जल लेकर भागीदारी की।

इस दौरान बच्चों व ग्रामीणों ने जल से हाथों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।योजना के तहत 186.3 लाख रुपये की लागत से एक नलकूप और पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है, जिससे गांव में हर घर तक नल से जल पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है। प्रदूषित जल से कई तरह की बीमारियां फैलती हैं, जबकि शुद्ध जल स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। सरकार की हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना से अब गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाए।
सिंगठी गांव में इस योजना के शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और भविष्य में भी क्षेत्र के अन्य गांवों में ऐसी योजनाएं संचालित की जाएंगी।इस मौके पर सहायक अभियंता अर्चित त्रिपाठी, अवर अभियंता सतीश यादव, समाजसेवी पवन यादव, जिला पंचायत सदस्य मुकेश यादव, अनिल यादव व ग्राम प्रधान इंद्रभान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
























